कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की पहल और प्रेरणा से जिले में जनसहभागिता एवं सीएसआर के माध्यम से शासकीय स्कूलों के कायाकल्प का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को पांढुर्णा विकासखंड की भंदारगोदी एकीकृत माध्यमिक शाला में आरबी सेवा फाउंडेशन द्वारा करीब साढ़े 4 लाख रुपये की लागत से कराए गए नवीनीकरण कार्यों का कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने लोकार्पण किया।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री वशिष्ठ की पहल पर जिले के 72 शासकीय स्कूलों की छतों की मरम्मत एवं सुधार कार्य कराए गए हैं। भंदारगोदी एवं सिराठा स्कूल में भी जनसहयोग से नवीनीकरण कार्य किए गए हैं। लोकार्पण कार्यक्रम में आरबी सेवा फाउंडेशन के फाउंडर श्री विजय आहूजा, श्री गुप्ता, सुश्री श्रुति मंडलोई, श्री मयूरेश, जनपद पंचायत सीईओ श्री विनय प्रकाश ठाकुर, सरपंच श्री रविन्द्र वाडिवाँ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य एवं पारंपरिक गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने अतिथियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि जिले में जनसहभागिता के माध्यम से चिन्हित शासकीय स्कूलों के कायाकल्प का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भंदारगोदी और सिराठा स्कूलों में नवीनीकरण कार्य से विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
आरबी सेवा फाउंडेशन के फाउंडर श्री विजय आहूजा ने कहा कि कलेक्टर श्री वशिष्ठ की प्रेरणा से स्कूल के नवीनीकरण कार्य में सहयोग करने का अवसर मिलना उनके लिए आत्मिक शांति और सुखद अनुभव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सरपंच श्री रविन्द्र वाडिवाँ एवं प्रधान पाठक श्री वानखेड़े ने स्कूल के नवीनीकरण कार्य के लिए कलेक्टर श्री वशिष्ठ एवं आरबी सेवा फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने किया स्कूल का निरीक्षण
लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने पाकशाला एवं शौचालय का अवलोकन कर इन्हें व्यवस्थित एवं स्वच्छ रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्कूल परिसर में विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।


