सिंहस्थ के लिए आवश्यक प्रशिक्षण एवं उपकरणों की व्यवस्था समय-सीमा में सुनिश्चित करें — संभागायुक्त श्री सिंहउज्जैन, 3 अक्टूबर। सिंहस्थ -2028 में श्रद्धालुओं की सेवा एवं व्यवस्थाओं के लिए स्काउट-गाइड दलों की सेवाएं भी ली जाएंगी। इसके लिए दलों को सिंहस्थ की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा। संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने सिंहस्थ कार्यों की समन्वय बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त श्री सिंह ने डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट होमगार्ड को निर्देशित किया कि सिंहस्थ के दौरान आवश्यकतानुसार उपयोग किए जाने वाले उपकरणों की सूची तैयार कर उनकी खरीदी की कार्रवाई नियमानुसार समय-सीमा में पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ की व्यवस्थाओं में मानव संसाधन के साथ-साथ आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। बैठक में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के अंतर्गत विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
संभागायुक्त ने घाट चौड़ीकरण, एलिवेटेड ब्रिज निर्माण सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि सिंहस्थ से जुड़े सभी कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती नेहा जैन, जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांस कूमट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। फोटो संलग्न क्रमांक 01 से 03


