जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को थांदला की नवीन कृषि उपज मंडी, सुतरेटी मार्ग में जिला स्तरीय “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” एवं “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई तथा नागरिकों से प्राप्त आवेदनों और समस्याओं के निराकरण की कार्यवाही की गई।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि शासन के प्रति जनविश्वास तभी और अधिक मजबूत होगा, जब अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक एक मंच पर एकत्रित होकर समस्याओं पर सीधे संवाद करें और उनका समयबद्ध एवं संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद कर उनके अनुभवों को सामने लाया जा रहा है, जिससे अन्य पात्र नागरिक भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित हों।
खास बातें
- कार्यक्रम में लगाए गए कृषि विभाग के स्टॉल पर कम सिंचाई में तैयार होने वाली गेहूं एवं चने की उन्नत किस्मों के संबंध में जानकारी दी गई है, जिसका किसान लाभ उठाएं।
- जल संरक्षण के कार्यों में स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
- सेवा सेतु अभियान-2026 के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने क्षेत्र में कम वर्षा की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि पेयजल संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए हैंडपंपों के लिए आवश्यक पाइप एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने किसान भाइयों से कहा कि कम वर्षा की स्थिति में स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कृषि पद्धति में आवश्यक बदलाव के लिए तैयार रहें। कार्यक्रम में लगाए गए कृषि विभाग के स्टॉल पर कम सिंचाई में तैयार होने वाली गेहूं एवं चने की उन्नत किस्मों के संबंध में जानकारी दी गई है, जिसका किसान लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि जिला पंचायत द्वारा जिले में लगभग 17 हजार जल स्रोतों को चिन्हित कर जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अभियान स्तर पर कार्य किया जाएगा। जल संरक्षण के कार्यों में स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित दिवस को “नो मीटिंग डे” के रूप में रखते हुए अधिक से अधिक समय मैदानी क्षेत्रों में दें और नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने का प्रयास करें। उन्होंने 8-लेन मार्ग पर पत्थरबाजी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या का समाधान संवाद और प्रशासनिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। सामाजिक शांति एवं सौहार्द भंग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्राप्त लगभग 1500 आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन की मंशानुसार मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में लाइव कनेक्टिविटी एवं रियल टाइम समस्या समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान भी इसी सोच को आगे बढ़ाता है। इन अभियानों के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के अनुभवों एवं उपलब्धियों से आमजन को अवगत कराया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक श्री पाटीदार ने साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल वेलबीइंग के संबंध में जागरूक करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधों के प्रति प्रत्येक नागरिक का सतर्क रहना आवश्यक है। साइबर फ्रॉड से निपटने के लिए पुलिस विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए नागरिकों से किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने ऑपरेशन मर्यादा के संबंध में भी जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थानों एवं सड़कों पर स्टंट कर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के विरुद्ध झाबुआ पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
विधायक श्री वीरसिंह भूरिया ने अपने संबोधन में थांदला क्षेत्र की पेयजल संबंधी समस्याओं का उल्लेख करते हुए हैंडपंपों के समय पर रखरखाव एवं मरम्मत की आवश्यकता बताई। उन्होंने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री कलसिंह भाबर ने कहा कि कार्यक्रम में प्रस्तुत नाटक के माध्यम वर्तमान में आए परिवर्तन को प्रभावी रूप से दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद रखते हुए उनका पूरी निष्ठा से निर्वहन करे। शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है और इसके लिए सभी की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित उद्यमी संवाद में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। ग्राम बेड़ावा निवासी श्रीमती पूजा डामेशा ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत अरुण आजीविका बचत समूह से जुड़कर प्राप्त लाभ एवं आजीविका गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। वहीं ग्राम सुतरेटी निवासी श्री भूपेन्द्र नायक ने मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना से प्राप्त लाभ एवं उससे आजीविका में आए सकारात्मक परिवर्तन के अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से शासन की योजनाओं, सेवाओं एवं हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों की जानकारी नागरिकों को दी गई। साथ ही प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही की गई।
सेवा सेतु अभियान-2026 के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। उद्यानिकी विभाग की पीएमएफएमई योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, बकरी इकाई प्रदाय योजना, आजीविका मिशन की मुद्रा एवं समूह बैंक ऋण (सीसीएल), पीएम स्वनिधि तथा संत रविदास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र, डेमो चेक एवं डेमो चाबी प्रदान की गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के तहत अनुग्रह सहायता, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का हितलाभ तथा पात्र हितग्राहियों को ई-श्रम कार्ड प्रदान किए गए।
साथ ही कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थांदला श्री भास्कर गाचले एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
