मध्यप्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने गुरुवार को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में 13.21 लाख रुपये की लागत से निर्मित शासकीय महाविद्यालय ग्रेवल पहुंच मार्ग का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने शासकीय महाविद्यालय पहुंचकर कक्षाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों का फीता काटकर शुभारंभ किया।

प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए कंप्यूटर कक्ष, लाइब्रेरी, प्रयोगशाला सहित विभिन्न कक्षों में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने महाविद्यालय में संचालित अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों तथा महाविद्यालय से संबंधित आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत सेवा, जनभागीदारी एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने विद्यार्थियों से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली नुक्कड़ नाटक, चित्रकला सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अभियान के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी एवं सामाजिक सरोकार की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

इस अवसर पर सांसद शहडोल संसदीय क्षेत्र श्रीमती हिमाद्री सिंह, कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अध्यक्ष श्रीमती मिथिलेश सिंह, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।