विश्व हृदय दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय के एमएनसीयू एवं जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र ( DEIC) में जिला स्तरीय जागरूकता दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों में हृदय रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर पहचान एवं उपचार के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया के निर्देशन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम ( RBSK) अंतर्गत विकासखंड स्तरीय मोबाइल हेल्थ टीम द्वारा 8 विद्यालयों एवं 12 आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष जागरूकता अभियान एवं स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए गए। अभियान के दौरान कुल 932 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्क्रीनिंग के दौरान 2 बच्चों में संदिग्ध हृदय रोग की पहचान की गई। वहीं पूर्व में हृदय रोग का ऑपरेशन करा चुके 2 बच्चों का फॉलोअप किया गया तथा आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं काउंसलिंग भी की गई। अभियान के दौरान 3 गंभीर हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को भोपाल में आयोजित विशेष चिकित्सा कैंप हेतु रेफर किया गया, ताकि उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभिभावकों, शिक्षकों एवं समुदाय के लोगों से अपील की गई कि बच्चों में हृदय रोग के प्रारंभिक लक्षणों के प्रति जागरूक रहें तथा समय पर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार सुनिश्चित कराएं।

