कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन बिंदल के निर्देशन में विकासखंड विजयपुर के प्रसिद्ध श्री छिमछिमा महाराज जी के मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं मलेरिया जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर में आने वाले ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। मलेरिया की त्वरित पहचान के लिए ब्लड स्लाइड एवं रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट की व्यवस्था भी की गई, जिससे बुखार से पीड़ित एवं संदिग्ध मरीजों की जांच तत्काल की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, नियमित रूप से कूलर एवं पानी की टंकियों की सफाई करने तथा सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने की समझाइश दी गई। साथ ही बुखार आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में विकासखंड कराहल के आयुष्मान आरोग्य मंदिर खिरखिरी में भी मलेरिया नियंत्रण गतिविधियां संचालित की गईं। मलेरिया पॉजिटिव पाए गए मरीज को निर्धारित दवा उपलब्ध कराई गई तथा खिरखीरी सेक्टर की आशाओं की बैठक आयोजित कर मलेरिया की रोकथाम एवं नियंत्रण संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम को अपने-अपने ग्रामों में नियमित लार्वा सर्वे एवं रैपिड फीवर सर्वे करने तथा किसी व्यक्ति की मलेरिया जांच पॉजिटिव आने पर तत्काल संबंधित एएनएम एवं सीएचओ को सूचित करने के निर्देश दिए गए, ताकि मरीज को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके और संक्रमण की संभावित श्रृंखला को रोका जा सके। कार्यक्रमों के दौरान डॉ. अनूप रावत, एमटीएस श्री साहिब कुरैशी, मलेरिया निरीक्षक श्री नरसिंह गौड़, सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, सहयोगिनी श्रीमती दयावती, एएनएम समता तथा सहित स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला उपस्थित रहा।


