मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आज सिरोंज क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने ग्राम चितावर पहुंचकर हाई स्कूल का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उन्हें नियमित अध्ययन करने, विषयों को समझकर पढ़ने तथा अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ शिक्षक की भूमिका में संवाद करते हुए गणित विषय का पाठ भी पढ़ाया। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों को त्रिकोणमिति के विभिन्न सूत्र एवं फार्मूले समझाए तथा ब्लैक बोर्ड पर उदाहरणों के माध्यम से उनके प्रयोग की जानकारी दी।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से गणित के सवाल भी पूछे और उन्हें स्वयं हल करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान कक्षा दसवीं की छात्रा शालियां ने गणितीय सवाल का ब्लैक बोर्ड पर त्वरित एवं सही समाधान प्रस्तुत किया। छात्रा की विषय पर पकड़ और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति की कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने सराहना करते हुए उसे प्रोत्साहित किया। उन्होंने छात्रा को पेन एवं कॉपी भेंट कर शाबासी दी।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने विद्यार्थियों से कहा कि कठिन विषयों से घबराने के बजाय उन्हें समझने और नियमित अभ्यास करने की आदत विकसित करें। उन्होंने शिक्षकों से भी विद्यार्थियों की विषयवार प्रगति पर सतत ध्यान देने तथा कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की बात कही।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्रामों में आयोजित विशेष शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करने के साथ-साथ शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर नागरिकों से सीधा संवाद किया जा रहा है।




