बैहर एवं बिरसा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित बैगा जनजाति बहुल ग्रामों में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने और पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में 19 सितंबर को बैहर विकासखंड के ग्राम पाथरी में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में बड़ी संख्या में बैगा परिवारों सहित ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ लिया। शिविर में ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभिन्न विभागों के अलग-अलग सेवा काउंटर बनाए गए थे। यहां संबल योजना पंजीयन, आधार कार्ड, समग्र आईडी, जन्म एवं विवाह प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य शासकीय सेवाओं के लिए आवेदन प्राप्त किए गए।

खास बातें

  • पाथरी शिविर में संबल योजना के तहत 3 पंजीयन किए गए, जबकि 9 लोगों के नाम समग्र आईडी में जोड़े गए।
  • एम-राशन मित्र पोर्टल पर 10 लोगों के नाम दर्ज किए गए।
  • शिविर में 10 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाए गए, जिससे उन्हें कृषि कार्यों के लिए संस्थागत ऋण सुविधा प्राप्त करने में सहूलियत होगी।

विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को संबंधित योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी। शिविर में जनपद सीईओ श्री बीएस मरावी, तहसीलदार, खंड चिकित्सा अधिकारी, पीएचई के एसडीओ सहित विभिन्न विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक शिविर में कई योजनाओं से जुड़े ग्रामीण

पाथरी शिविर में संबल योजना के तहत 3 पंजीयन किए गए, जबकि 9 लोगों के नाम समग्र आईडी में जोड़े गए। एम-राशन मित्र पोर्टल पर 10 लोगों के नाम दर्ज किए गए। विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन के लिए प्राप्त 3 आवेदनों को ऑनलाइन किया गया। बैगा परिवारों को जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया। शिविर में जाति प्रमाण पत्र के लिए 9 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित आवेदकों को एक सप्ताह के भीतर जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है।

72 लोगों के आधार संबंधी कार्य हुए

शिविर में आधार से जुड़ी सेवाओं का भी लाभ ग्रामीणों को मिला। 72 लोगों के नवीन आधार कार्ड बनाने एवं आधार अपडेशन का कार्य किया गया। जन्म प्रमाण पत्र के लिए प्राप्त 4 आवेदनों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जनसमस्या निवारण शिविर में किसानों की समस्याओं और आवश्यकताओं को भी शामिल किया गया। शिविर में 10 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाए गए, जिससे उन्हें कृषि कार्यों के लिए संस्थागत ऋण सुविधा प्राप्त करने में सहूलियत होगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 1 आवेदन तथा लाड़ली बहना योजना के 1 आवेदन पर कार्रवाई प्रारंभ की गई। वहीं 7 व्यक्तियों की समग्र ई-केवायसी की गई।

बीमा और पेंशन योजनाओं से भी जुड़े ग्रामीण

शिविर में सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी पंजीयन किए गए। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 5, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 2 तथा अटल पेंशन योजना में 3 आवेदकों का पंजीयन किया गया। जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिली। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित बैगा ग्रामों में इसी

प्रकार शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य आगे भी जारी रखा जा रहा है।