विश्व हृदय दिवस के उपलक्ष्य में सिविल अस्पताल बैहर में 30 सितंबर को एक दिवसीय निःशुल्क हृदय रोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न दाहिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बैहर, बिरसा एवं परसवाड़ा विकासखंड के हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की विशेषज्ञों द्वारा जांच की जाएगी। शिविर में बच्चों की ईको मशीन के माध्यम से हृदय की जांच की जाएगी।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम द्वारा तीनों विकासखंडों से अब तक कुल 54 बच्चों को चिन्हित किया गया है। सीएमएचओ डॉ. शत्रुघ्न दाहिया ने तीनों खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चिन्हित सभी बच्चों को शिविर में अनिवार्य रूप से लाकर उनकी जांच कराई जाए, ताकि कोई भी बच्चा जांच से वंचित न रहे। शिविर के लिए डॉ. अनंत लिल्हारे, खंड चिकित्सा अधिकारी बैहर को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
खास बातें
- सीएमएचओ डॉ. दाहिया ने बताया कि शिविर में होने वाली सभी जांचें पूरी तरह निःशुल्क रहेंगी।
- आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने से बच्चों की जांच एवं उपचार की प्रक्रिया सुगम होगी।
- हृदय रोग शिविर का आयोजन 30 सितंबर को सिविल अस्पताल बैहर में सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा।
वहीं शिविर की व्यवस्थाओं एवं समन्वय की जिम्मेदारी राजाराम चक्रवर्ती, जिला शीघ्र हस्तक्षेप प्रबंधक, आरबीएसके जिला बालाघाट को सौंपी गई है।
जांच और उपचार पूरी तरह निःशुल्क
सीएमएचओ डॉ. दाहिया ने बताया कि शिविर में होने वाली सभी जांचें पूरी तरह निःशुल्क रहेंगी। राजाराम चक्रवर्ती ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के साथ जन्म प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, समग्र आईडी, बच्चे की दो फोटो तथा पूर्व की जांच रिपोर्ट (यदि उपलब्ध हो) अवश्य लेकर आएं। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने से बच्चों की जांच एवं उपचार की प्रक्रिया सुगम होगी।
जांच के बाद यदि किसी बच्चे को हृदय की सर्जरी के लिए चयनित किया जाता है, तो उसकी सर्जरी राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत निःशुल्क कराई जाएगी। उपचार के दौरान मरीजों के लिए ठहरने, भोजन, यात्रा और आवश्यक दवाइयों की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
सुबह 10.30 से दोपहर 3 बजे तक होगा शिविर
हृदय रोग शिविर का आयोजन 30 सितंबर को सिविल अस्पताल बैहर में सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर अपने बच्चों को शिविर में लेकर पहुंचें और निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा का लाभ उठाएं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9630881540 पर सम्पर्क किया जा सकता है


