सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत वीरांगना रानी अवंती बाई शासकीय महाविद्यालय खैरलांजी में बुधवार को एकदिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य श्री नीरज सिंह ठाकुर के निर्देशन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना तथा रेड रिबन क्लब के कार्यक्रम अधिकारी श्री रोहित कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य एवं अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। शिविर में विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों का क्रमवार स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

खास बातें

  • सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरलांजी की प्रशिक्षित चिकित्सा टीम द्वारा शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई।
  • शिविर में ब्लड शुगर, सिकल सेल, एनीमिया, मलेरिया, ब्लड प्रेशर एवं टाइफाइड सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई।
  • टीम में डॉ. भावना श्रीवास्तव, रुद्रा तिवारी, नवनीत लिल्हारे एवं निधि उजवेनर उपस्थित रहे।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरलांजी की प्रशिक्षित चिकित्सा टीम द्वारा शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। टीम में डॉ. रामलाल पंचेश्वर (मेडिकल ऑफिसर), श्रीमती तरुणा टेम्भूर्णे (सीएचओ), श्रीमती गीता भगत (एएनएम), श्रीमती ऐसवंता चौरागड़े एवं श्रीमती लता ठवरे (आशा कार्यकर्ता) शामिल रहीं। शिविर में ब्लड शुगर, सिकल सेल, एनीमिया, मलेरिया, ब्लड प्रेशर एवं टाइफाइड सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई।

स्वास्थ्यकर्मियों ने विद्यार्थियों को सामान्य बीमारियों से बचाव, समय पर स्वास्थ्य जांच और आवश्यक सावधानियों के संबंध में भी जानकारी दी। शिविर में श्रीधाम मल्टी थेरेपी हॉस्पिटल एंड रिसर्च, बालाघाट की टीम ने भी सहभागिता की। टीम में डॉ. भावना श्रीवास्तव, रुद्रा तिवारी, नवनीत लिल्हारे एवं निधि उजवेनर उपस्थित रहे। टीम द्वारा विद्यार्थियों को नेचरोथेरेपी, साइकोथेरेपी, लेजर थेरेपी, डिटॉक्स थेरेपी, सीएनएस थेरेपी तथा एब्डोमेन विथ हार्ट थेरेपी आदि के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम अधिकारी श्री रोहित कुमार पाण्डेय ने सेवा संकल्प अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता एवं आयोजित शिविर की रूपरेखा के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री नीरज सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ रहने के लिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। शिविर में महाविद्यालय के डॉ. एस.के. अब्दुस शमीम, श्री खीनेश ठाकरे, डॉ. प्रतिभा राजपूत, डॉ. विवेक खरगाल, श्री वीरेंद्र कुमार पटले, शालिनी मेश्राम, श्री अमर सिंह गोंड सहित अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।