प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालाघाट में 14 से 28 सितंबर तक हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने तथा भारतीय ज्ञान परंपरा में हिंदी की भूमिका को रेखांकित करना रहा। पखवाड़े के दौरान विभिन्न साहित्यिक एवं शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की गईं।
16 सितंबर को भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित हिंदी पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई। 17 सितंबर को ‘भारतीय ज्ञान परंपरा में हिंदी भाषा और साहित्य की भूमिका’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें 24 विद्यार्थियों ने भाग लिया। 18 सितंबर को हिंदी भाषा एवं साहित्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले साहित्यकारों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर व्याख्यान एवं काव्यपाठ आयोजित किया गया।
बाल साहित्यकार भाऊराव महंत, साहित्यकार लक्ष्मी चंद ठाकरे, पैरोडीकार किशोर छिपेश्वर एवं व्यंग्यकार शैलेश ‘शैल’ ने साहित्यकारों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए काव्यपाठ किया।
21 से 28 सितंबर तक निबंध लेखन, वाद-विवाद, कविता पाठ, कहानी लेखन, हिंदी साहित्य एवं व्याकरण आधारित प्रश्नोत्तरी तथा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे, भारतीय ज्ञान परंपरा नोडल अधिकारी डॉ. कंचन मसराम एवं संयोजक डॉ. रचना कोरी का मार्गदर्शन रहा। हिंदी विभाग के प्राध्यापक श्री संजय कुमार बिसेन, डॉ. संतोष कुमार लिल्हारे, श्रीमती सविता गेड़ाम, श्री आकाश लिल्हारे एवं मीडिया प्रभारी डॉ. ताराचंद बढ़गैया ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

