भू-दृश्य दृष्टिकोण आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी (FES) द्वारा 30 सितंबर को जिले में दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें उपसंचालक कृषि फूल सिंह मालवीय, परियोजना संचालक आत्मा रामनाथ पटेल सहित कृषि एवं आत्मा विभाग का मैदानी अमला उपस्थित रहा।

कार्यशाला के दौरान उपसंचालक कृषि फूल सिंह मालवीय ने मृदा स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने, आगामी रबी सीजन की तैयारियों और फसल विविधिकरण को अपनाने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कृषि उत्पादन को बेहतर बनाने के लिए मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और किसानों को उपयुक्त फसल प्रणाली अपनाने की आवश्यकता पर चर्चा की।

परियोजना संचालक आत्मा रामनाथ पटेल ने नई कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार और किसानों तक कृषि विज्ञान की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने मैदानी अमले के माध्यम से नवीन तकनीकों और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के संबंध में चर्चा की।

कार्यशाला में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, कृषि में नवीन तकनीकों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों एवं मैदानी अमले के बीच विचार-विमर्श किया गया।