जिले के जीआई टैग प्राप्त सिवनी जम्बो सीताफल को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और इसके उत्पादन से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सीताफल से समृद्धि अभियान के तहत प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना द्वारा सीताफल को केवल खेत से बाजार तक पहुंचाने के बजाय उसके प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और व्यावसायिक उपयोग की संभावनाओं को विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इसी क्रम में सीताफल उत्पादक कृषकों, उद्यमियों एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों का 15 सदस्यीय दल प्रशिक्षण-सह-भ्रमण के लिए महाराष्ट्र रवाना किया गया है। जिला स्तरीय सीताफल कार्यशाला के बाद कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिला उद्यानिकी अधिकारी डॉ. आशा उपवंशी वासेवार के नेतृत्व में दल महाराष्ट्र में सीताफल के प्रसंस्करण, उत्पाद निर्माण, गुणवत्ता, बाजार की मांग और विपणन से जुड़ी गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर रहा है। दिनशॉ फैक्ट्री में सीताफल पल्प के बाजार की संभावनाएं जानींप्रशिक्षण-सह-भ्रमण के प्रथम दिवस दल द्वारा महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (MIDC), नागपुर स्थित दिनशॉ आइसक्रीम फैक्ट्री का भ्रमण किया गया।

इस दौरान दल ने फैक्ट्री में प्रसंस्करण एवं उत्पाद निर्माण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही दिनशॉ कंपनी के प्रबंधकों के साथ बैठक कर सीताफल पल्प के क्रय-विक्रय, व्यावसायिक उपयोग एवं बाजार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

महाराष्ट्र भ्रमण के माध्यम से जिले के कृषकों और उद्यमियों को यह समझने का अवसर मिल रहा है कि सीताफल के उत्पादन के साथ उसके प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देकर उत्पाद को बड़े बाजार तक कैसे पहुंचाया जा सकता है। इससे सिवनी के जीआई टैग प्राप्त जम्बो सीताफल को नई पहचान और सीताफल उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार एवं मूल्य प्राप्त होने की संभावनाएं मजबूत होंगी।