अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के तत्वावधान में प्रतिवर्षानुसार गांधी जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को सीनियर अनुसूचित जाति बालक छात्रावास क्रमांक-1, बींझावाड़ा, सिवनी में अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सामाजिक समरसता, सद्भाव एवं अस्पृश्यता जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सिवनी श्रीमती किरण भलावी, सरपंच ग्राम पंचायत बींझावाड़ा श्री योगेश उइके, पंच ग्राम पंचायत बींझावाड़ा श्री नंदलाल यादव, श्री वीरेंद्र डहेरिया, श्रीमती निशा नाग, श्रीमती मुनिया टांक, श्री मनोज नामदेव, श्री सुखदेव बंशकार एवं श्री रविंद्र मंद्रेला, श्री अजय डागोरिया, श्री आशीष माना ठाकुर, प्रकोष्ठ संयोजक श्रीमती नीतू दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिविर में छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

साथ ही नुक्कड़ नाटिका के माध्यम से अस्पृश्यता एवं सामाजिक भेदभाव जैसी कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने सामाजिक समरसता तथा गांधीजी के विचारों पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के उपरांत जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने एक साथ सहभोज में सहभागिता की। सहभोज के माध्यम से सामाजिक समानता, आपसी सद्भाव एवं समरसता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में श्री लालजीराम मीणा, सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य सिवनी सहित सहायक संचालक शिक्षा, क्षेत्र संयोजक, विकासखण्ड अधिकारी, मंडल संयोजक, छात्रावास अधीक्षक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।