सहायक कृषि यंत्री, कृषि अभियांत्रिकी उपसंभाग सिवनी ने जानकारी देकर बताया कि ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए 24 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक कृषकों से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। प्राप्त आवेदनों की लॉटरी 7 अक्टूबर 2026 को संपादित की जाएगी। उन्होंने बताया कि श्रेडर/मल्चर, बेलर, स्लेशर, एसएमएस-स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम, हे रेक/स्ट्रॉ रेक एवं रोटोकल्टीवेटर कृषि यंत्रों के लिए आवेदन किए जा सकते हैं।
आवेदन के साथ कृषक के स्वयं के बैंक खाते से संबंधित जिले के सहायक कृषि यंत्री के नाम निर्धारित धरोहर राशि का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना अनिवार्य है। धरोहर राशि के बिना आवेदन मान्य नहीं होगा।
श्रेडर/मल्चर के लिए 5,500 रुपये, बेलर के लिए 15,000 रुपये, स्लेशर के लिए 2,000 रुपये, एसएमएस-स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम के लिए 3,500 रुपये, हे रेक/स्ट्रॉ रेक के लिए 5,000 रुपये तथा रोटोकल्टीवेटर के लिए 2,500 रुपये की धरोहर राशि निर्धारित की गई है। सहायक कृषि यंत्री ने बताया कि ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर आवेदन करने के लिए भूमि संबंधी जानकारी हेतु एग्री-स्टैक की फार्मर आईडी होना अनिवार्य है।
अतः कृषक फार्मर आईडी प्राप्त करने के लिए एग्री-स्टैक पोर्टल पर अपनी भूमि का पंजीयन अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि उक्त कृषि यंत्रों की खरीद के लिए जिला सहकारी बैंक, सिवनी से न्यूनतम ब्याज दरों पर ऋण भी प्राप्त किया जा सकता है। कृषकों से निर्धारित समयावधि में आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की गई है।

