सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले की शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं में शनिवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विकसित एवं सशक्त भारत की अपनी कल्पनाओं और विचारों को रचनात्मक माध्यम से अभिव्यक्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने ‘मेरा भारत महान’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘विकसित भारत की संकल्पना’ सहित विभिन्न विषयों पर आधारित चित्रों के माध्यम से भारत के उज्ज्वल भविष्य की परिकल्पना प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और सृजनात्मकता के माध्यम से देश की प्रगति, विकास एवं समृद्धि के विभिन्न आयामों को चित्रों में उकेरा।
इसी प्रकार भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत’, ‘मेरे सपनों का भारत कैसा हो’, ‘अभिनव भारत’ एवं ‘भारत-विश्वगुरु’ जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने मंच से आत्मविश्वासपूर्वक अपने विचार व्यक्त करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, नवाचार, विकास और भारत के उज्ज्वल भविष्य की परिकल्पना को सामने रखा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 21 सितम्बर 2026 को विद्यालय स्तर पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत विद्यालय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को नियमानुसार जिला एवं राज्य स्तर पर आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं में सहभागिता के लिए शामिल कराया जाएगा।


