विकासखंड सिवनी की ग्राम पंचायत अलोनिया कभी पेयजल संकट से जूझने वाला गांव था। लगभग 647 की आबादी वाले इस गांव में लोगों को पानी के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। गर्मी के दिनों में स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती थी। महिलाओं और बच्चों का काफी समय पानी लाने में व्यतीत होता था। लेकिन अब जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित बंडोल ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना ने गांव की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं।
योजना के तहत ग्राम अलोनिया में 133 परिवारों को फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (एफएचटीसी) प्रदान किए गए हैं। गांव में स्थापित ओवरहेड टैंक और सुव्यवस्थित पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंच रहा है। जल वितरण को व्यवस्थित बनाने के लिए 6 वाल्व और 8 वाल्व चैंबर बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन निर्धारित समय पर सभी मोहल्लों में जलापूर्ति की जाती है।
गांव में जल की उपलब्धता के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रशिक्षण दिया गया है और वे नियमित रूप से पानी की जांच कर ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। जल उपयोग की निगरानी के लिए वाटर मीटर भी लगाए गए हैं।
योजना के सफल संचालन एवं रखरखाव के लिए गांव में विलेज वाटर एंड सैनिटेशन कमेटी (VWSC) का गठन किया गया है। समिति जल कर संग्रहण, संचालन और रखरखाव का कार्य कर रही है, जिससे योजना का संचालन निरंतर और प्रभावी रूप से हो रहा है। ग्रामीणों की सहभागिता ने इस योजना को और अधिक मजबूत बनाया है।
जल जीवन मिशन का प्रभाव केवल पानी की उपलब्धता तक सीमित नहीं रहा है। गांव के माध्यमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्रों में भी अब पर्याप्त पानी उपलब्ध है। पहले जहां पानी की समस्या के कारण बच्चों और महिलाओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब समय की बचत हो रही है और दैनिक जीवन अधिक सुविधाजनक बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। पहले पानी के लिए संघर्ष करना पड़ता था, जबकि अब घर पर ही नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इससे न केवल श्रम और समय की बचत हुई है, बल्कि स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार आया है।
ग्राम अलोनिया आज जल जीवन मिशन की सफलता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है। ग्रामवासी जल जीवन मिशन जैसे महत्वाकांक्षी अभियान के क्रियान्वयन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का धन्यवाद ज्ञापति करते हैं।



