खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए किसानों का ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन किया जाना है। ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन के लिए किसान का एग्रीस्टैक (Agri Stack) पोर्टल पर पंजीयन होना अनिवार्य किया गया है। ऐसे किसान, जिन्होंने अभी तक एग्रीस्टैक पोर्टल पर अपना पंजीयन नहीं कराया है, वे समय रहते अपना पंजीयन पूर्ण करा लें।

किसानों को बताया गया है कि एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन पूर्ण होने के बाद ही किसान के नाम दर्ज खसरे ई-उपार्जन पोर्टल पर किए जाने वाले पंजीयन से जोड़े जा सकेंगे। इसलिए धान उपार्जन के लिए पंजीयन कराने से पहले किसान एग्रीस्टैक पर अपना पंजीयन पूर्ण होने की पुष्टि अवश्य करें। किसानों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनके नाम दर्ज खसरे एग्रीस्टैक पोर्टल पर सही तरीके से प्रदर्शित हो रहे हैं।

ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन कराते समय खसरा संबंधी जानकारी का सही होना आवश्यक है। किसी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते उसका निराकरण कराया जाना जरूरी है। बताया गया है कि यदि किसान का एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन पूर्ण नहीं है, तो उसके नाम दर्ज खसरे ई-उपार्जन पंजीयन में नहीं जुड़ पाएंगे।

ऐसी स्थिति से बचने के लिए सभी किसान जल्द से जल्द एग्रीस्टैक पोर्टल पर अपना पंजीयन पूर्ण करवाएं तथा अपने नाम दर्ज खसरों की जानकारी का भी मिलान कर लें। एग्रीस्टैक किसान पंजीयन के लिए किसान संबंधित पोर्टल पर जाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। किसानों से अपील की गई है कि धान उपार्जन के समय किसी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए पंजीयन प्रक्रिया समय रहते पूर्ण कर लें।